जापानी महिलाओं के लिए, जन्म नियंत्रण के बहुत कम विकल्प हैं तथा इन तक पहुंच भी मुश्किल है।

जापानी महिलाओं के लिए, जन्म नियंत्रण के बहुत कम विकल्प हैं तथा इन तक पहुंच भी मुश्किल है।

जापान में पलने बढ़ने के दौरान, कज़ुको फुकुदा को गर्भनिरोधन की विधियों के रूप में केवल कंडोम या गोलियों की जानकारी थी। इसके बाद, एक छात्र विनिमय कार्यक्रम में उसे स्वीडन जाने का मौका मिला, वहां वह एक यूथ क्लिनिक पर गई, और यह जानकर आश्चर्यचकित रह गई कि इम्प्लांट, रिंग और पैच जैसे अन्य बहुत से विकल्प उपलब्ध हैं।
यह बात उसके दिमाग में घर कर गई, अपने देश लौटने पर उसने इन सभी विकल्पों पर विचार किया और यह जानने का प्रयास किया कि वे यहां पर उपलब्ध और मान्य है कि नहीं। और इस प्रकार से नंदेनैनो – एक जापानी यौन और प्रजनन स्वास्थ्य और अधिकार संगठन (SRHR) – का जन्म हुआ। 

जापान में सुरक्षित सेक्स

नंदेनैनो शब्द का अर्थ है “हमारे पास क्यों नहीं है?” जापानी में – यह वाक्य स्थानीय संवेदनाओं को चोट पहुंचा सकता है, लेकिन यह एक वाजिब सवाल है। स्वीडन में अपने एक्सचेंज वर्ष से लौटने के बाद, फुकुदा ने 2018 में हैशटैग के रूप में नंदेनैनो की शुरुआत की; इस अनुभव से उन्होंने जाना कि यौन स्वास्थ्य के मामले में जापान कितना पिछड़ा हुआ है। 

उसने इस परियोजना को बहुत सरल मांगों के साथ शुरू किया: व्यापक यौन शिक्षा, सस्ती कीमत पर आधुनिक गर्भ निरोधकों की एक विस्तृत विविधता की उपलब्धता, युवा-अनुकूल यौन स्वास्थ्य सेवाएं और गर्भपात की गोली तक पहुंच।

sexual and reproductive healthcare

“वो दो क्षण ऐसे थे जिन्होंने मुझे वह करने के लिए प्रेरित किया जो मैं आज कर रही हूं। सबसे पहला क्षण वह था जब मैं यूथ क्लिनिक में गई, यह 13 से 25 साल के लोगों के लिए बना एक विशेष क्लिनिक था, यहां पर स्त्री रोग विशेषज्ञ, दाई, मनोरोग विशेषज्ञ और काउंसलर की सेवाएं उपलब्ध थी। यहां मैंने जाना कि जन्म नियंत्रण का अर्थ गोलियों से कहीं अधिक है,” वह याद करते हुए बताती है।

दूसरा क्षण था जब फुकुदा ने स्वीडन में एक फार्मेसी में आपातकालीन गर्भनिरोधन गोलियां (ECP) देखीं। “जापान में, ई.सी.पी. (ECP) खोजना मुश्किल है। आपको इसके लिए चिकित्सक के पास जाना होता है, चिकित्सक के पर्चे की आवश्यकता होती है और प्रति खुराक 100 USD की कीमत होती है; कभी-कभी 200 USD भी लग जाते हैं। जबकि स्वीडन में, यह फार्मेसियों में उपलब्ध है और लागत 10 अमरीकी डालर जितनी कम है; और यूथ क्लिनिक में युवाओं के लिए तो यह मुफ्त उपलब्ध हैं,।“ फुकुदा बताती है। 

बाधाएं और समस्याएं

जापान में सामान्य जन्म नियंत्रण की गोलियों का महंगा होना एक प्रमुख बाधा है। इसके लिए हर माह 20 USD का खर्च आता है और यह सार्वजनिक स्वास्थ्य बीमा में भी कवर नहीं होती है। “पहली विजिट की फीस, सामान्य रक्त परीक्षण और इसके बाद 3 महीनों की गोलियां, इसका कुल खर्च 100 USD के आस-पास आता है। युवाओंन के लिए इसे सस्ता नहीं कहा जा सकता है” फुकुदा ने जोर देकर कहा। 

लेकिन जापान में चुनाव, उपलब्धता और सामर्थ्य ही एकमात्र चुनौती नहीं हैं। फुकुदा के अनुसार, सेक्स एक वर्जित विषय है और यह मानसिकता जीवन के सभी पहलुओं को प्रभावित करती है। “जापान में, एक युवा लड़की का स्त्री रोग विशेषज्ञ के पास जाना आम बात नहीं है क्योंकि लोग इसे गर्भावस्था से जोड़कर देखने लगते हैं। यदि आप हाई स्कूल में पढ़ती हैं और इस प्रकार के चिकित्सक के पास जाती है तो आप पर लांछन लग सकता है,” वह बताती है। 

इसके अलावा, फुकुदा का कहना है कि यदि आप 18 साल से कम उम्र की हैं या किशोर हैं तो कुछ क्लिनिक आपके माता-पिता की सहमति मांगते हैं, जबकि कुछ अन्य आपसे एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने के लिए कहते हैं जिसकी सामग्री कुछ इस प्रकार की होती है: मैं समझती हूं कि यह केवल आपात स्थिति के लिए है और मैं भविष्य में इसका उपयोग न करने की कोशिश करूंगी। “हम इस दस्तावेज पर हस्ताक्षर करते हैं और लांछन का अनुभव करते हैं,” वह तर्क देती है। 

गर्भनिरोधक उपयोग

इन प्रतिबंधों को देखते हुए, फुकुदा बताती है कि, बहुत कम संख्या में महिलाएं गर्भनिरोधकों का उपयोग करती हैं; उदाहरण के लिए केवल 3% से 4% महिलाएं गोली लेती हैं। इस कारण से कंडोम जन्म नियंत्रण का सबसे अधिक इस्तेमाल किए जाने वाला तरीका बन जाता है।

condoms as method of birth control

” हालांकि, कंडोम के इस्तेमाल के बारे में कोई जागरूकता नहीं होना और ई.सी.पी. का महंगा होना, आप समझ सकते हैं कि खुद की सुरक्षा करना कितना मुश्किल और कुंठा भरा है, खास तौर पर युवाओं के लिए,” वह जोर देकर कहती हैं।

यौन शिक्षा

ज्ञान एक और समस्या है। फुकुदा का कहना है कि सरकार या अन्य विश्वसनीय संगठनों की ओर से कोई आसानी से पढ़ी जा सकने वाली सामग्री उपलब्ध नहीं है। “गर्भ निरोधकों के बारे में वेबसाइटें हैं लेकिन उनमें से लोकप्रिय वेबसाइटें वाणिज्यिक ब्रांडों से संबंधित हैं और वे यौन स्वास्थ्य, हिंसा और सहमति के बारे में जानकारी प्रदान नहीं करती हैं। फिर कुछ मददहीन, छोटी वेबसाइटें भी हैं। यह महिलाओं को भ्रमित और संदिग्ध स्थिति में डाल देती हैं, ”फुकुदा ने कहा। 

जब तक लोगों को यौन शिक्षा तक पहुंच प्राप्त होती है, जैसे कि हाई स्कूल में जाने पर, तो यह जानकारी संतुलित नहीं होती है। “कंडोम और गोलियों की व्याख्या करने वाले एक शैक्षिक चार्ट में कहा गया है कि कंडोम व्यापक रूप से उपलब्ध हैं जबकि गोलियां आसानी से उपलब्ध नहीं हैं और महंगी है; ये चार्ट कहते हैं कि कंडोम का कोई साइड इफेक्ट नहीं है, लेकिन गोली के साइड इफेक्ट्स की एक सूची दिखाते हैं – इस प्रकार की हतोत्साहित करने वाली जानकारियां लड़कियों को डराती हैं और उन्हें असहज स्थिति में डाल देती हैं,” फुकुदा बताती हैं।

गोलियां और पितृसत्ता

चूंकि समाज पितृसत्तात्मक है, इसलिए यदि कोई महिला गर्भनिरोधकों का इस्तेमाल करती है तो पुरुषों को इसमें आपत्ति हो सकती है। “मैंने ऐसे उदाहरणों के बारे में सुना है जब किसी महिला के लिए एक निश्चित गर्भनिरोधन की विधि का उपयोग करने की सिफारिश की जाती है, तो वह पहले अपने प्रेमी से इस बारे में बात करती है और उसकी ओर से स्वीकृति मिल जाने के बाद ही इसका उपयोग करती है; दूसरी ओर कुछ महिलाएं किसी विधि का इस्तेमाल सिर्फ इसलिए कर रही हैं कि उनके प्रेमी ने उनकी पूर्व प्रेमिका के अनुभव के आधार पर इसका इस्तेमाल करने का सुझाव दिया है। और ऐसे मामले भी हैं जहां प्रेमी कंडोम के लिए एक बैकअप के रूप में महिलाओं के लिए गर्भनिरोधकों का सुझाव देता है,“ फुकुदा बताती है। 

हालांकि, वह कहती हैं कि ऐसे जोड़े भी हैं जहां पुरुष इस बात में दखल नहीं देते कि महिलाएं अपनी सुरक्षा कैसे करें। 

Birth control pills

समर्थन प्रणाली

इन सीमाओं को देखते हुए, फुकुदा गर्भनिरोधकों का इस्तेमाल करने वाली महिलाओं को एक विश्वसनीय स्त्री रोग विशेषज्ञ से सलाह लेने का सुझाव देती है। “गोली का उपयोग शुरू करने के बाद आप जिस पर भरोसा करते हैं, वह अच्छा होता है क्योंकि मदद के लिए पूछना आसान होता है। लेकिन यदि आपका अनुभव अच्छा नहीं रहा है तो बदलाव से न डरें और किसी और की तलाश करें, ” वह जोर देकर कहती है।

फुकुदा लोगों से गर्भनिरोधक को एक मानव अधिकार के रूप में मान्यता देने का भी आग्रह करती है। “यह बहुत महत्वपूर्ण है। यदि इसे एक अतिरिक्त सेवा के रूप में माना जाता है, तो इसे कई सहयोगियों के साथ सेक्स या अधिक सेक्स की सुविधा के रूप में देखा जाता है,“ वह दावा करती है, लोगों को दो महत्वपूर्ण याचिकाओं पर हस्ताक्षर करने के लिए आमंत्रित करती है: आधुनिक गर्भ निरोधकों और आपातकालीन गर्भनिरोधक गोलियोंतक आसान पहुंच।

वह कहती हैं कि इसे एक अधिकार का रूप देने के लिए सूचना और शिक्षा ही एकमात्र विकल्प हैं। “कृपया खुद को पोर्न के माध्यम से नहीं बल्कि विज्ञान और अनुसंधान के माध्यम से सूचित करें,” फुकुदा लोगों से अनुरोध करती है। 

यह जापान में गर्भनिरोधकों के उपयोग के बारे में दो भाग शृंखला का पहला भाग है। भाग II अगले महीने प्रकाशित किया जाएगा और यहां से जोड़ा जाएगा। 

क्या आप भी कुछ साझा करना चाहती हैं? नीचे अपनी टिप्पणी लिखें, हमारे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमसे संपर्क करें: फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर संपर्क कर्।एन या info@findmymethod.orgपर हमें एक ई-मेल भेजें। गर्भनिरोधन के बारे में अधिक जानकारी के लिए, findmymethod.org पर विजिट करें। 

लेखक के बारे में: सेसिलिया यौन और प्रजनन अधिकारों के बारे में जानकारी रखती है, और फाइंड माई मेथड के लिए प्रोग्राम मैनेजर के रूप में काम करती है।